चेहल्लुम 2026 को लेकर गोपालगंज में अलर्ट, अफवाह और भड़काऊ संदेश फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

गोपालगंज में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण मनाने के लिए डीएम ने बैठक की। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

गोपालगंज: आगामी चेहल्लुम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में डीएम समीर सौरभ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जिला एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे.

बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेश फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिया गया है.

जुलूस के मार्ग और समय का करना होगा पालन

डीएम ने चेहल्लुम के अवसर पर निकलने वाले सभी जुलूसों और धार्मिक आयोजनों के लिए पहले से निर्धारित मार्ग और समय-सीमा का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया.

उन्होंने अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर भी शांति समिति की बैठकें आयोजित करने तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो.

संवेदनशील स्थानों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी और पुलिस

विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम ने कहा कि जिले के सभी संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी.

प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.

सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), गोपालगंज को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया.

डीएम ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की ओर से अफवाह, भ्रामक या भड़काऊ संदेश प्रसारित कर माहौल खराब करने का प्रयास किया जाता है तो उसके खिलाफ विधिसम्मत और सख्त कार्रवाई की जाए.

साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं पर भी जोर

चेहल्लुम पर्व के दौरान शहरों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर परिषद और नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को दिया गया.

डीएम ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. इसके लिए साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए.

स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सिविल सर्जन को स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया. आवश्यक स्थानों पर चिकित्सा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया.

‘अफवाह पर ध्यान न दें, प्रशासन का सहयोग करें’

बैठक के अंत में डीएम समीर सौरभ ने जिले के लोगों से चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि चेहल्लुम त्याग, संयम और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है. सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. जिला प्रशासन शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में पर्व संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

बैठक में जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद पटेल, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष सुधांशु मिश्र, संजीव कुमार पिंकी, राघव सिंह समेत जिला स्तरीय शांति समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >