गोपालगंज में तीज की खरीदारी से गुलजार बाजार, शिफॉन की साड़ियों और नए डिजाइन के सूट-लहंगे पर टिकी महिलाओं की नजर

हरितालिका तीज के लिए बाजारों में रौनक है। शिफॉन की साड़ियों और नए डिजाइन के सूट की भारी मांग है। जानें इस बार क्या है फैशन और साड़ियों की लेटेस्ट रेंज।

Hartalika Teej : हरितालिका तीज 14 सितंबर को है. पर्व को लेकर गोपालगंज के बाजार अभी से गुलजार हो गए हैं. शहर से लेकर ग्रामीण बाजारों तक महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी है. सोलह शृंगार के सामान से लेकर साड़ी, सूट और लहंगे की खरीदारी तेज हो गयी है. मौनिया चौक, मेन रोड, चंद्रगोखुल रोड, स्टेशन रोड, पुरानी चौक और थावे रोड समेत जिले के प्रमुख बाजारों में महिलाओं के लिए पारंपरिक परिधानों की नई रेंज उपलब्ध है.

शिफॉन की साड़ियों का फिर लौटा क्रेज

इस बार शिफॉन की हल्की साड़ियों का क्रेज एक बार फिर देखने को मिल रहा है. शिफॉन की साड़ियों में हैंडवर्क के साथ डिजिटल प्रिंट की नई रेंज बाजार में उतारी गयी है. हल्की होने के कारण इन्हें पहनना और संभालना आसान है. यही वजह है कि तीज की खरीदारी करने पहुंच रही महिलाएं शिफॉन की साड़ियों को खास तौर पर पसंद कर रही हैं.

हरे रंग की साड़ियों की खास रेंज

तीज के पर्व को देखते हुए बाजार में हरे रंग की साड़ियों की विशेष रेंज उपलब्ध है. साड़ियों में अलग-अलग डिजाइन और पैटर्न देखने को मिल रहे हैं. हालांकि, अधिकांश महिलाएं प्लेन साड़ियों को अधिक पसंद कर रही हैं. बाजार में साड़ियों की कीमत करीब 800 से 2500 रुपये तक है.

युवतियों को पसंद आ रहे नए डिजाइन के सूट और लहंगे

महिलाओं के साथ युवतियों के बीच भी तीज की खरीदारी को लेकर उत्साह है. नए डिजाइन के सूट और लहंगे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. दुकानदारों के अनुसार, कॉलेज जाने वाली युवतियों और कामकाजी महिलाओं में ऐसे परिधानों की मांग बढ़ी है, जिन्हें त्योहार के साथ सामान्य अवसरों पर भी पहना जा सके.

पारंपरिक और आधुनिक फैशन का मेल

ड्रेस लैंड के श्रवण कुमार ने बताया कि इस बार मध्यम कीमत वाली साड़ियों की मांग अधिक है. ग्राहक ऐसे परिधान पसंद कर रहे हैं, जिनमें पारंपरिक अंदाज के साथ आधुनिक फैशन का भी मेल हो. तीज को लेकर साड़ियों की मांग बढ़ी है और शिफॉन की हल्की साड़ियां महिलाओं को काफी पसंद आ रही हैं. डिजिटल प्रिंट और हैंडवर्क वाली साड़ियों की नई रेंज भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है.

नायरा और एलाइंग सूट की नई रेंज भी बाजार में

मेन रोड स्थित लक्ष्मी वस्त्रालय के अमित रूंगटा ने बताया कि युवतियों के लिए फ्रॉक सूट, को-ऑर्ड सेट, नायरा सूट और एलाइंग सूट की नई रेंज आयी है. युवतियां ऐसे परिधान पसंद कर रही हैं, जिनमें पारंपरिक और आधुनिक फैशन दोनों का मेल हो. दुकानदारों को इस बार तीज पर बेहतर कारोबार की उम्मीद है.

फोटो नं 07- बारी मार्केट में साड़ी खरीदती महिलाए | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >