BMC Admission (विकास दुबे): अगर आपका सपना पत्रकार, न्यूज एंकर, रिपोर्टर, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, रेडियो जॉकी, पीआर प्रोफेशनल या मीडिया विशेषज्ञ बनने का है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. गोपालगंज के महेंद्र महिला कॉलेज में पहली बार शुरू हुए बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BMC) पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए 6 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. इसके बाद आवेदन का कोई अवसर नहीं मिलेगा.
जिले में पहली बार शुरू हुआ BMC कोर्स
जयप्रकाश विश्वविद्यालय के नामांकन कार्यक्रम के तहत महेंद्र महिला कॉलेज में बीएमसी की 60 सीटों पर ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं. जिले में पहली बार इस व्यावसायिक पाठ्यक्रम की शुरुआत होने से अब विद्यार्थियों को पत्रकारिता और जनसंचार की पढ़ाई के लिए पटना, मुजफ्फरपुर या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
आज ही भरें ऑनलाइन आवेदन
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.के. पांडेय ने बताया कि आवेदन केवल विश्वविद्यालय के ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जा रहे हैं. उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि अंतिम समय तक इंतजार न करें, क्योंकि पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी समस्या आ सकती है.
9 जुलाई को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 9 जुलाई को पहली मेधा (मेरिट) सूची प्रकाशित की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और नामांकन 10 से 14 जुलाई तक संबंधित कॉलेज में होगा.
नामांकन के समय सभी मूल प्रमाण-पत्र और उनकी स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी. आरक्षण का लाभ बिहार सरकार और विश्वविद्यालय के प्रचलित नियमों के अनुसार दिया जाएगा.
आवेदन नहीं किया तो इस सत्र में नहीं मिलेगा मौका
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 6 जुलाई तक आवेदन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को इस शैक्षणिक सत्र में BMC कोर्स में प्रवेश का अवसर नहीं मिलेगा. इसलिए मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए यह सुनहरा अवसर है.
Also Read: बांकीपुर उपचुनाव में BJP की साख दांव पर, प्रशांत किशोर उतरे तो उनके लिए भी होगी अग्निपरीक्षा
