Gopalganj News: संत गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाये जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को गोपालगंज में प्रेस वार्ता आयोजित की गयी. प्रेस वार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप कुमार गिरि ने की.
सामाजिक समरसता और समानता का संदेश
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरि ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, मानवता तथा जाति-विहीन समाज का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी के आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक सद्भाव को सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं.
समाज के सभी वर्गों को जोड़ने पर जोर
जिला अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी संत गुरु रविदास जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पूरे देश में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चला रही है.
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने, सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है.
कार्यकर्ताओं और आम लोगों से की अपील
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से संत गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया. उन्होंने सामाजिक सौहार्द, समानता और समरसता को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष संदीप कुमार गिरि के साथ राजू चौबे, दीपक दीपू, भाजपा मीडिया प्रभारी रितेश सिंह, रामा जी साह, फरहान मंसूर, दीपक साह, राहुल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
