गोपालगंज में PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, 17 सितंबर से भाजपा चलायेगी ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, भाजपा 17 सितंबर से 'आशीर्वाद का दीया' अभियान शुरू कर रही है. यह राष्ट्रव्यापी अभियान जनता के आभार और स्नेह की अभिव्यक्ति है, जिसके तहत देशभर में 25 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य है.

Gopalganj News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया जायेगा. अभियान की तैयारियों और उद्देश्य को लेकर शुक्रवार को गोपालगंज शहर के सर्किट हाउस में भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई.

17 सितंबर की शाम सात बजे एक साथ जलेंगे दीप

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अभियान का संदेश “जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा” है. उन्होंने बताया कि 17 सितंबर की शाम सात बजे पूरे प्रदेश में एक साथ दीप प्रज्वलित किये जायेंगे. अभियान के तहत देशभर में 25 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि बिहार में करीब 2.50 करोड़ लोगों तक इसका संदेश पहुंचाने की तैयारी है.

विकास और जनकल्याण की योजनाओं का किया उल्लेख

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, जीएसटी और जनधन योजना जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे देश को नई दिशा मिली है.

आभार और स्नेह की अभिव्यक्ति बताया अभियान

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प के प्रति जनता के आभार, स्नेह और आशीर्वाद की अभिव्यक्ति है. उन्होंने लोगों से अपने-अपने घरों में दीप जलाकर अभियान में भाग लेने की अपील की.

भाजपा के कई नेता रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री जनक राम, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी उर्फ मंटू गिरी, विधान पार्षद राजीव कुमार उर्फ गप्पू सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, रितेश कुमार सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >