Bhore Nagar Panchayat: भोरे को नगर पंचायत का दर्जा मिलने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है. अंचल कार्यालय की ओर से इससे जुड़ी सभी आवश्यक कागजी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गयी हैं. क्षेत्र का नजरी नक्शा और संबंधित कागजात हथुआ अनुमंडल कार्यालय को भेज दिये गये हैं. ग्राम पंचायत से नगर पंचायत में तब्दील होने के बाद क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.
विदित हो कि भोरे को नगर पंचायत बनाने की प्रक्रिया वर्ष 2014 से ही शुरू हुई थी, लेकिन लंबे समय तक मामला लंबित रहा. अब प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी है और अंचल स्तर पर आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली गयी हैं. नगर पंचायत बनने के बाद क्षेत्र में शहरी तर्ज पर विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है. सड़कों का चौड़ीकरण, नाली-गली का निर्माण, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी सुविधाओं में सुधार हो सकता है.
इन गांवों और पंचायतों का होगा विलय
भोरे को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव में आसपास की पंचायतों के कई गांवों को शामिल किया गया है. भोरे पंचायत से भोरे, लच्छीचक और बेलवा मिश्र, खदही पंचायत से पांडेय चकिया, खजुराहा पांडेय, खजुराहा मिश्र और मिश्रौली गांव, डूमर नरेंद्र पंचायत से सिधवा तथा चकरवा खास पंचायत से नारू चकरवा और संसारपुर गांव को प्रस्तावित नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल किया गया है.
बढ़ेगी आबादी, मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
चार पंचायतों के इन गांवों के जुड़ने से प्रस्तावित नगर पंचायत का क्षेत्रफल और आबादी बढ़ेगी. नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र को विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है. स्थानीय व्यापारियों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं. वहीं, विकास कार्यों के लिए शहरी विकास से जुड़े बजट और योजनाओं का लाभ मिलने से बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
क्या कहते हैं अधिकारी
“भोरे को नगर पंचायत बनाने की प्रक्रिया वर्ष 2014 से ही चल रही थी, जिसे अब तेजी से पूरा किया गया है. अंचल स्तर पर सभी आवश्यक कागजात और नजरी नक्शा तैयार कर हथुआ अनुमंडल कार्यालय को भेज दिया गया है. आगे की प्रक्रिया वरीय अधिकारियों और विभाग के स्तर से पूरी की जा रही है.”
प्रोटेस्ट की लाइव कवरेज यहां क्लिक कर पढ़ें : PhD होल्डर्स के प्रदर्शन के बाद दारोगा अभ्यर्थी भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे
