Gopalganj News : भोरे स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. छात्रावास की थाली में जली हुई रोटियां और निम्न स्तर के भोजन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने निष्पक्ष जांच के आदेश दिये हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं जली रोटियों की तस्वीरें
भोरे मिडिल स्कूल परिसर में संचालित इस आवासीय छात्रावास में कक्षा छह से आठ तक की छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में छात्राओं को परोसी गयी रोटियां अत्यधिक जली हुई नजर आ रही हैं. तस्वीरों के सामने आने के बाद छात्रावास में छात्राओं को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.
भोजन के साथ बुनियादी सुविधाओं पर भी उठे सवाल
वायरल तस्वीरों के बाद छात्रावास में उपलब्ध करायी जा रही बुनियादी सुविधाओं और ड्रेस वितरण को लेकर भी अनियमितताओं के आरोप सामने आये हैं. हालांकि इन आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. मामले को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गयी है.
शिक्षा मंत्री ने लिया मामले का संज्ञान
मामला संज्ञान में आने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और सुविधाओं के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. मंत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया है.
दोषी मिले तो होगी कार्रवाई
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मी दोषी पाये जायेंगे, उनके खिलाफ कठोर कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी. मंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और स्थानीय शिक्षा विभाग ने मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
जांच रिपोर्ट पर टिकी अभिभावकों की नजर
मामले के सामने आने के बाद अब अभिभावकों और स्थानीय लोगों की नजर जांच रिपोर्ट पर है. लोगों को उम्मीद है कि जांच में छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं और ड्रेस वितरण से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति सामने आयेगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी.
