गोपालगंज के बरौली में अखंड शिवयाम महायज्ञ शुरू, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

बरौली के सुप्रसिद्ध भड़कुइया शिव मंदिर में अखंड शिवयाम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया. मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है.

Bhadkuaiya Shiv Mandir: बरौली क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भड़कुइया शिव मंदिर परिसर में आयोजित अखंड शिवयाम महायज्ञ को लेकर रविवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा के साथ ही मंदिर परिसर में आयोजित बहुप्रतीक्षित अखंड शिवयाम महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया. धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल रहा. कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला श्रद्धालुओं और कुंवारी कन्याओं ने हिस्सा लिया.

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ कलश पूजन

कलश यात्रा शुरू होने से पहले भड़कुइया शिव मंदिर के मुख्य पुजारी और आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलशों का विधि-विधान से पूजन कराया. इसके बाद पीले और लाल वस्त्रों में सजी कन्याएं सिर पर मंगल कलश लेकर कतारबद्ध होकर यात्रा में शामिल हुईं. भक्तिमय भजनों, ढोल-नगाड़ों और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा.

श्रद्धालुओं पर हुई पुष्पवर्षा

कलश यात्रा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया. कई स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा भी की गयी. कलश यात्रा बरौली के जलाशय तक पहुंची, जहां आचार्यों ने वैदिक रीति से जल का अभिमंत्रण कराया. इसके बाद कन्याओं ने कलश में पवित्र जल भरा और यात्रा पुनः मुख्य मार्गों से होते हुए शिव मंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप पहुंची. यहां विधि-विधान के साथ कलशों की स्थापना की गयी.

24 घंटे होगा अखंड शिव नाम का जाप

यज्ञ समिति के रंथ सिंह, राजाराम सिंह और प्रमोद तिवारी ने बताया कि रविवार से अखंड शिवयाम महायज्ञ का शुभारंभ हो गया है, जो अगले कई दिनों तक चलेगा. इस दौरान 24 घंटे अखंड शिव नाम का जाप, विशेष हवन और आरती का आयोजन किया जायेगा.

आकर्षक रोशनी से सजाया गया शिव मंदिर

महायज्ञ को लेकर भड़कुइया शिव मंदिर को आकर्षक लाइटों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है. आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन शाम को महाप्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गयी है.

इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय तिवारी शांडिल्य

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >