गोपालगंज के बथुआ बाजार में भीषण जाम से थमे वाहनों के पहिए, दो घंटे तक फंसी रहीं कांवरिया बसें

गोपालगंज के बथुआ बाजार में रविवार को भीषण जाम लग गया, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. देवघर जा रही कांवरिया बसें दो घंटे से अधिक समय तक फंसी रहीं, जिससे श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई. सड़क किनारे अतिक्रमण को इस समस्या का मुख्य कारण बताया जा रहा है.

Gopalganj News: भागीपट्टी समउर-मीरगंज मुख्य मार्ग पर स्थित बथुआ बाजार में रविवार को भीषण जाम लग गया. जाम के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सुबह से ही व्यस्त बाजार क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गयीं, जो देखते ही देखते करीब एक किलोमीटर तक फैल गयीं. सड़क पर वाहन घंटों रेंगते नजर आए.

कांवरिया बसें दो घंटे तक जाम में फंसी रहीं

महाजाम का सबसे अधिक असर देवघर जा रहे श्रद्धालुओं पर पड़ा. उत्तर प्रदेश से आ रही दो और कटेया प्रखंड की एक कांवरिया बस जाम में करीब दो घंटे से अधिक समय तक फंसी रही. बस में सवार श्रद्धालुओं ने बताया कि वे रविवार को इस उम्मीद से निकले थे कि सोमवार को समय पर देवघर पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकेंगे. लेकिन बथुआ बाजार में लगे भीषण जाम के कारण अब समय पर पहुंचने को लेकर चिंता बढ़ गयी है.

श्रद्धालुओं ने कहा कि जाम के कारण उनकी यात्रा प्रभावित हो रही है और समय पर पूजा-अर्चना कर पाने को लेकर संशय बना हुआ है.

सड़क अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे ठेले और दुकानें लगा दिए जाने से सड़क काफी संकरी हो जाती है. इसके कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है. रविवार को भी सड़क पर अतिक्रमण और वाहनों की अधिक संख्या के कारण स्थिति गंभीर हो गयी. जाम में एंबुलेंस समेत कई यात्री वाहन भी फंसे रहे.

पुलिस ने संभाली कमान, काफी मशक्कत के बाद हटा जाम

जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और यातायात व्यवस्था को संभालने में जुट गया. पुलिस अधिकारियों और जवानों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाया, जिसके बाद लोगों को जाम से राहत मिली.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बथुआ बाजार में स्थायी रूप से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क अतिक्रमण हटाने की मांग की है.

Alos Read : डेहरी EO हत्याकांड: गाड़ी में विवाद के बाद लोहे की रॉड से हमला, ड्राइवर गिरफ्तार; DM बोले- मेडिकल टीम बनाई...


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >