Gopalganj News : जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बैकुंठपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 40 लीटर देसी शराब के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई है.
वाहन जांच के दौरान हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिरसा टोला के पास गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर उसकी तलाशी ली गई. जांच के दौरान बाइक से छिपाकर रखी गई 40 लीटर देसी शराब बरामद हुई.
दो आरोपित गिरफ्तार
मौके पर मौजूद दोनों बाइक सवार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महारानी गांव निवासी राजन कुमार और नंदलाल पंडित के रूप में हुई है.
प्राथमिकी दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में बैकुंठपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने जब्त बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में विधिसम्मत आगे की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही जिले में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा.
Also Read : तरैया में निजी विद्यालय का कर्कट तोड़कर चोरी, छह पंखे समेत कई सामान ले गए चोर
