गोपालगंज में गंडक का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे, बैकुंठपुर में बांध की सुरक्षा जांचने पहुंचे मंत्री; अधिकारियों को दिये निर्देश

बैकुंठपुर में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गंडक नदी के तटबंधों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को बाढ़ से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए.

Gopalganj News: संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सह बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने रविवार को सारण तटबंध के किमी 120 से किमी 80 तक विस्तृत स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बांध की वर्तमान स्थिति, संवेदनशील स्थलों, कटाव की आशंका और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. शिक्षा मंत्री ने मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों को तटबंध की 24 घंटे निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया.

उधर, गोपालगंज में गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने से दियारा इलाके के लोगों को फिलहाल बड़ी राहत मिली है.

संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी और त्वरित मरम्मत के निर्देश

स्थल निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि जहां भी मरम्मत, सुदृढ़ीकरण या कटाव निरोधी कार्य की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्य शुरू कराया जाए. संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर विशेष चौकसी बरती जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

उन्होंने कहा कि संभावित आपदा से पूर्व सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां दुरुस्त रहनी चाहिए ताकि निचले इलाकों में रहने वाली आबादी को सुरक्षित रखा जा सके.

गंडक नदी का जलस्तर सामान्य, सभी तटबंध सुरक्षित

जिले में गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे दर्ज किया गया है. जल संसाधन विभाग के अनुसार नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा न होने के कारण नदी की स्थिति स्थिर बनी हुई है. विभाग का दावा है कि जिले के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं और कटाव का कोई खतरा नहीं है.

बाढ़ संघर्षात्मक बल के अध्यक्ष नवल किशोर सिंह, मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता मो. साजिद इकबाल और विशंभरपुर में पवन कुमार सहित विभागीय टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों के अनुसार इस मानसून सत्र में 17 जुलाई को नदी में 2.24 लाख क्यूसेक का अधिकतम डिस्चार्ज गोपालगंज से सुरक्षित रूप से पार कराया जा चुका है. हालांकि आगामी 15 दिन एहतियात के तौर पर बेहद अहम माने जा रहे हैं.

तटबंध का निरीक्षण करते शिक्षा मंत्री | Prabhat Khabar Network

खतरे के निशान से जलस्तर की स्थिति

  • विशंभरपुर: 29 सेमी नीचे
  • पतहरा: 71 सेमी नीचे
  • टंडसपुर: 40 सेमी नीचे

वाल्मीकिनगर बराज से डिस्चार्ज का समयवार विवरण

  • सुबह 06:00 बजे: 77,500 क्यूसेक
  • सुबह 08:00 बजे: 86,500 क्यूसेक
  • सुबह 10:00 बजे: 86,500 क्यूसेक
  • दोपहर 12:00 बजे: 81,800 क्यूसेक
  • दोपहर 02:00 बजे: 88,300 क्यूसेक
  • शाम 04:00 बजे: 81,800 क्यूसेक
  • शाम 06:00 बजे: 77,600 क्यूसेक

Also Read: गोपालगंज में आवास योजना के नाम पर महिला से ठगी, जालसाज नकदी न मिलने पर कान के सोने के गहने लेकर फरार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >