गोपालगंज. उचकागांव थाना क्षेत्र के नौतन गांव में आपसी विवाद के दौरान हुई कहासुनी मारपीट में युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया. घटना में आमिल हुसैन के पुत्र दिलशाद अली गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह दिलशाद अली और उनके पड़ोसी युवक के बीच कुदाल मांगने को लेकर विवाद हो गया. देखते-ही-देखते विवाद मारपीट में बदल गया. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने दिलशाद पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े. स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से घायल को तत्काल पास के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं सिर पर चाकू लगने से युवक की हालत नाजुक होने के कारण में डाॅक्टर ने बेहतर इलाज के लिए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. वहीं उचकागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
