गोपालगंज : मांझा प्रखंड के आदमापुर के पंचायत सचिव कार्यों का निष्पादन नहीं करते हैं. उनके पुत्र ही पंचायत के सभी कार्यों का निष्पादन करते हैं. वे अपने पिता का फर्जी हस्ताक्षर कर प्रमाणपत्र निर्गत करने से हिचकते भी नहीं हैं. पंचायत कार्यालय में हो रही अनियमितता को लेकर केशोपुर गांव के निवासी जफरुल इमाम के पुत्र साहेबुल जमा ने जिला निगरानी कोषांग के नोडल पदाधिकारी जगदीश प्रसाद सिंह को आवेदन देकर मामले की जांच कराये जाने की मांग की है.
उन्होंने कहा है कि अपने पिता के बदले पुत्र कार्यों को निबटाने के साथ-साथ प्रखंडस्तरीय बैठक में भी उपस्थित होते हैं. तमाम प्रमाणपत्रों के निर्गत करने के लिए शुल्क का निर्धारण किया गया है. शुल्क लेने के बाद ही पंचायत सचिव के पुत्र सभी कार्यों को निष्पादित करते हैं. इनकी कार्यशैली से पूरे पंचायत क्षेत्र की जनता त्रस्त है. इस भ्रष्टाचार की जानकारी प्रखंड के स्थानीय अधिकारियों को भी है, फिर भी इस पर लगाम नहीं लगायी जा रही है. फरियादी ने उक्त मामले की जांच करा कर दोषी पंचायत सचिव पर कार्रवाई करने की गुहार लगाायी है.
