स्वास्थ्य मंत्री आंख अस्पताल का आज करेंगे उद्घाटन

गोपालगंज : अब सदर अस्पताल में आंखों का ऑपरेशन शुरू हो जायेगा. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय गुरुवार को आंख अस्पताल का उद्घाटन करेंगे. स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसको लेकर तैयारी की जा रही है. सदर अस्पताल के पूर्वी छोर में बने आंख अस्पताल में विशेषज्ञ नेत्र डॉक्टर से लेकर कर्मियों की तैनाती होगी. सदर […]

गोपालगंज : अब सदर अस्पताल में आंखों का ऑपरेशन शुरू हो जायेगा. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय गुरुवार को आंख अस्पताल का उद्घाटन करेंगे. स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसको लेकर तैयारी की जा रही है. सदर अस्पताल के पूर्वी छोर में बने आंख अस्पताल में विशेषज्ञ नेत्र डॉक्टर से लेकर कर्मियों की तैनाती होगी.

सदर अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ आरके सिंह ने बताया कि इसी सप्ताह मशीन को चालू कर लिया जायेगा. यह एडवांस तकनीक है. यह मशीन सेंसर के जरिये मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए खुद को एडजस्ट कर लेती है. किसी भी तरह के मोतियाबिंद का ऑपरेशन करने में पारंगत है.
मोतियाबिंद निकालकर लेंस भी मशीन से डाला जाता है. सदर अस्पताल में आंख अस्पताल की बिल्डिंग छह साल पहले बनी थी, लेकिन उपकरण नहीं होने के कारण इसका उद्घाटन नहीं हो सका. सिविल सर्जन डॉ नंदकिशोर सिंह के आने के बाद मशीनों की खरीदारी हुई. इसके बाद आंख अस्पताल का उद्घाटन करने की प्रक्रिया शुरू की गयी.
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सदर अस्पताल परिसर में पीडियाट्रिक वार्ड का उद्घाटन भी करेंगे. पीडियाट्रिक वार्ड पुराने आइसीयू के भवन में खुल रहा है. 10 बेडों के इस वार्ड में शून्य से 10 साल तक के बच्चों के इलाज की समुचित व्यवस्था रहेगी. बिहार सरकार ने दो माह पूर्व कैबिनेट में मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र के 10 जिलों में पीडियाट्रिक वार्ड खोलने की मंजूरी दी थी.
बेहतर सुविधाएं देना ही उद्देश्य : सिविल सर्जन डॉ नंदकिशोर सिंह का कहना है कि सरकार की ओर से लाखों रुपये की आधुनिक मशीन मंगायी गयी है. इससे किसी तरह के मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जा सकेगा.
मॉडल सदर अस्पताल में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना हमारा उद्देश्य है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >