अशोक कुमार मिश्र, हथुआ : अब गोपेश्वर कॉलेज में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू हो जायेगी. कुलाधिपति सह राज्यपाल लालजी टंडन की मौजूदगी में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो हरिकेश सिंह ने इसकी घोषणा की. कुलपति ने कहा कि महाविद्यालय में स्नातकोत्तर के साथ-साथ कई नये व्यावसायिक कोर्स की पढ़ाई भी शुरू की जायेगी.
इस सत्र से ही छात्र-छात्राओं का नामांकन लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि गोपेश्वर कॉलेज इतिहास की धरोहर है, इसे संरक्षित करने के साथ ही नये कोर्स की पढ़ाई चालू कराना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है. गोपेश्वर कॉलेज में स्नातकोत्तर के 10 विषयों में पढ़ाई शुरू होगी.
इसके साथ ही एलएलबी, बीबीए, बीसीए आदि कोर्स के लिए भी विश्वविद्यालय की ओर से मंजूरी मिल चुकी है. कुलाधिपति की ओर से मंजूरी मिलते ही नये कोर्स की पढ़ाई शुरू कर दी जायेगी. गोपेश्वर कॉलेज में तीन साल पहले स्नातकोत्तर की पढ़ाई को बंद कर दिया गया था.
इसके कारण यहां के छात्र-छात्राएं स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों में पलायन कर रहे थे. छात्रों की परेशानी को देख महाविद्यालय परिवार और कॉलेज के संस्थापक हथुआ राज की ओर से विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई चालू कराने की मांग की गयी थी.
छात्रों को मिलेगी राहत, रुकेगा पलायन : गोपेश्वर महाविद्यालय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू होने से इलाके के छात्रों का पलायन रुकेगा. साथ ही उच्च शिक्षा ग्रहण करना छात्र-छात्राओं के लिए आसान हो जायेगा. गोपालगंज में एक तीसरा महाविद्यालय होगा, जिसमें स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू होगी.
कॉलेज में शिक्षकों की समस्या होगी दूर : कुलपति प्रो हरिकेश सिंह ने कहा कि महाविद्यालयों में अध्यापकों की कमी को दूर किया जा रहा है. गोपेश्वर कॉलेज में हाल में ही कई शिक्षकों ने योगदान किया है. अन्य विषयों की पढ़ाई शुरू होने से पहले शिक्षकों की कमी दूर कर दी जायेगी.
