Gopalganj News : जिले में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए संचालित 102 निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का लाभ अगस्त 2026 में 3,682 मरीजों को मिला. इनमें सबसे अधिक संख्या गर्भवती महिलाओं की रही. सेवा के तहत गर्भवती महिलाओं, बच्चों, सड़क दुर्घटना में घायल लोगों और अन्य मरीजों को निःशुल्क एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध करायी गयी. मरीजों को समय पर सुरक्षित स्वास्थ्य सेवा मिल सके, इसके लिए एंबुलेंस सेवा की निगरानी व्यवस्था को भी सख्त किया गया है.
2,611 गर्भवती महिलाओं को मिली सेवा
अगस्त में कुल 3,682 मरीजों को 102 एंबुलेंस सेवा का लाभ मिला. इनमें 2,611 गर्भवती महिलाएं, 74 बच्चे, 132 सड़क दुर्घटना के पीड़ित और 775 अन्य मरीज शामिल हैं. इसके अलावा 90 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया.
कॉल से अस्पताल पहुंचने तक निगरानी
एंबुलेंस सेवा में हेल्पलाइन पर कॉल आने से लेकर एंबुलेंस के डिस्पैच, मरीज के पिकअप, अस्पताल पहुंचने और भर्ती होने तक की पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है. सेवा में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं.
मरीजों और परिजनों से लिया जा रहा फीडबैक
सेवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए मरीजों और उनके परिजनों से फोन के माध्यम से फीडबैक लिया जा रहा है. एंबुलेंस में उपलब्ध आपातकालीन दवाओं और जरूरी संसाधनों की नियमित जांच भी की जा रही है. ऑपरेशन मैनेजर और क्वालिटी टीम तकनीकी व्यवस्था के साथ कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली पर भी नजर रख रही है.
लापरवाही पर होगी तत्काल कार्रवाई
जेन प्लस सर्विसेज के बिहार प्रोजेक्ट हेड ने बताया कि मरीजों को बेहतर और समय पर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
