बोधगया-दोमुहान रोड में रविवार की शाम को यातायात थाने के सामने ही युवकों का दो गुट किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गया.
देखते ही देखते मुख्य सड़क जंग के मैदान में तब्दील हो गई. रविवार होने के कारण बोधगया भ्रमण पर पहुंचे पर्यटकों व श्रद्धालुओं को भी इस कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि बीच सड़क पर आठ से दस की संख्या में मौजूद युवकों के बीच हो रही मारपीट से यातायात पूरी तरह थम गया था.
मूकदर्शक बने रहे लोग, 10 मिनट तक रुकी रही आवाजाही
घटना के दौरान ज्यादातर लोग मूकदर्शक बनकर युवकों के बीच हो रही मारपीट को देखते रहे. लगभग 10 मिनट तक थाई मंदिर व यातायात थाने के पास भारी भीड़ लगी रही और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुकी रही.
इसी बीच यातायात थाने की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. पुलिस वाहन को देखते ही मारपीट कर रहे युवक तुरंत भाग खड़े हुए.
थाने में नहीं दर्ज कराई गई शिकायत
इस मामले को लेकर किसी भी पक्ष द्वारा बोधगया थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर फिलहाल किसी पक्ष से कोई आवेदन या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.
Also Read : गया में आधी रात पेंट दुकान में लगी आग, 40 साल पुरानी दुकान धू-धू कर जली
