गया में स्वामी राम मोहनदास को दी गई श्रद्धांजलि, देशभर से जुटे संत और सामाजिक कार्यकर्ता

गया जी के पंचायती अखाड़ा संगत में स्वाभिमान पार्टी द्वारा स्वामी राम मोहनदास जी के ब्रह्मलीन होने पर श्रद्धांजलि सभा और भंडारे का आयोजन किया गया. देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे संतों और गणमान्य लोगों ने उनके जीवन और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

स्वाभिमान पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूज्य संत स्वामी राम मोहनदास जी के ब्रह्मलीन होने पर पंचायती अखाड़ा संगत में श्रद्धांजलि सभा एवं भंडारे का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आये संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर स्वामी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. उपस्थित पूज्य संतों एवं अतिथियों ने स्वामी राम मोहनदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

इस दौरान लोक संस्कृति के पारंपरिक गायन एवं निर्गुण भजनों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना दिया. निर्गुण गायन के माध्यम से कलाकारों एवं उपस्थित लोगों ने स्वामी जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके जीवन, त्याग और आध्यात्मिक साधना को स्मरण किया.

विभिन्न राज्यों से पहुंचे संत और गणमान्य लोग

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अयोध्या के महामंडलेश्वर एवं प्रसिद्ध कथावाचक चक्रपाणी जी, दिलीप शास्त्री जी, दुर्वेश दास जी, गणेश दास जी सहित अनेक संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही. स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के अलावा छत्तीसगढ़ के भिलाई से सतीश त्रिपाठी, ओडिशा से रविंद्र बेहरा, हिमाचल प्रदेश से डॉ. केएल शर्मा, उत्तर प्रदेश से हरिनारायण स्वामी सहित झारखंड, पंजाब एवं अन्य राज्यों से आये प्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की.

श्रद्धांजलि सभा में मौजूद संत, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य लोग.

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष कौशलेन्द्र नारायण ने की. इस अवसर पर शिशुपाल कपसीमे, गणेश अंजन, कृष्ण प्रसाद उर्फ पिंटू शर्मा, शब्या पांडेय, गीता देवी, अजय शर्मा, सतीश शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम श्रद्धालु उपस्थित रहे.

स्वामी जी का जीवन राष्ट्र और मानव सेवा को समर्पित

इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष कौशलेन्द्र नारायण ने कहा कि स्वामी राम मोहनदास जी का जीवन त्याग, तपस्या, अध्यात्म, राष्ट्रसेवा और मानव सेवा के लिए समर्पित रहा. उनका स्नेह और मार्गदर्शन स्वाभिमान परिवार के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है. उनका ब्रह्मलीन होना संत समाज और समाजसेवा के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है.

श्रद्धांजलि सभा में सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य लोग.

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य संतों ने भी स्वामी राम मोहनदास जी के जीवन और उनके आध्यात्मिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार और सेवा-भाव आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे. श्रद्धांजलि सभा के बाद स्वाभिमान पार्टी की ओर से एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गया शहर के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों, श्रद्धालुओं, सामाजिक व पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रसाद ग्रहण किया. कार्यक्रम के दौरान पंचायती अखाड़ा संगत का पूरा वातावरण श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति के रंगों में सराबोर रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नीरज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >