गया जी : स्व. बिंदी प्रसाद यादव को श्रद्धांजलि, MLA मनोरमा देवी बोलीं- उनकी सेवा और संघर्ष हमेशा याद रहेगा

गया जी में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष स्वर्गीय बिंदी प्रसाद यादव की छठी पुण्यतिथि मनाई गई. इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए. बेलागंज विधायक मनोरमा देवी ने उनके समाज सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया.

गया जी जिला परिषद परिसर में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष स्वर्गीय बिंदी प्रसाद यादव की छठी पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई.

इस अवसर पर जिला परिषद परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पूर्व जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद सदस्यों तथा अन्य गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

समाज सेवा और जनहित के मार्ग पर चलने का आह्वान

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए बेलागंज विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि आज स्वर्गीय बिंदी प्रसाद यादव की छठी पुण्यतिथि है. इस अवसर पर क्षेत्र की जनता, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों का बड़ी संख्या में उपस्थित होना उनके प्रति लोगों के प्रेम और सम्मान को दर्शाता है.

उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सभी लोग समाज सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएं.

गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए जीवनभर किया कार्य

मनोरमा देवी ने कहा कि स्व. बिंदी प्रसाद यादव ने जीवनभर गरीबों, दलितों और वंचितों के उत्थान के लिए कार्य किया. जिला परिषद के उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने कई गांवों के विकास और समाज के कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में उनके निधन से पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई, लेकिन उनकी सेवा और संघर्ष की यादें आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं.

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास और सहयोग से उन्हें बेलागंज की जनता की सेवा करने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि जब भी जिला परिषद के सदस्यों और पुराने साथियों से मुलाकात होती है या स्व. बिंदी प्रसाद यादव की तस्वीर देखती हैं, तो उनकी यादें ताजा हो जाती हैं. अंत में उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए समाज की सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया.

समर्थकों और परिजनों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

वहीं बेलागंज विधायक के बेटे रॉकी यादव ने कहा कि आज उनके पिताजी की पुण्यतिथि मनाई जा रही है और उनके चाहने वाले लोग यहां आकर उनकी प्रतिमा पर पुष्प माला चढ़ाकर श्रद्धा अर्पित कर रहे हैं. वहीं छात्रा प्रकरण पर पूछे जाने पर रॉकी यादव ने कहा कि यह सब बातें आती-जाती रहती हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >