Gayaji News : गुरुआ प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हरितालिका तीज व्रत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की. महिलाओं ने नए वस्त्र और आभूषण धारण कर तीज व्रत की तैयारियां कीं.
शाम को सामूहिक रूप से हुई पूजा-अर्चना
शाम होते ही प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की. महिलाओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना कर अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की.
आरपी सदन में भी जुटीं महिलाएं
गुरुआ प्रखंड के मीरचक स्थित आरपी सदन में भी तीज पूजा को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. यहां बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की. इस दौरान महिलाओं ने तीज व्रत की कथा सुनी और पारंपरिक गीत भी गाये.
तीज को लेकर दिनभर रहा उत्साह
पूरे गुरुआ प्रखंड क्षेत्र में तीज व्रत को लेकर दिनभर उत्साह का माहौल रहा. महिलाओं ने व्रत की तैयारियां पूरी कर शाम को पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया. इस मौके पर शिक्षिका राजबाला कुमारी, कुमारी शोभा दांगी, विंदा देवी, श्रद्धा पांडे, पूनम देवी, अनिता देवी, दीपा देवी, प्रियंका देवी समेत दर्जनों महिलाएं शामिल रहीं.
