गया जी में भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू, गुरु रविदास जयंती तक चलेगा अभियान

भाजपा 29 जुलाई से समरसता संकल्प अभियान शुरू करेगी. संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में सामाजिक एकता और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा.

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 29 जुलाई 2026 से देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जाएगी. अभियान को लेकर मंगलवार को गया के सर्किट हाउस में भाजपा के पूर्वी जिला अध्यक्ष विजय कुमार मांझी ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी.

29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक चलेगा अभियान

विजय कुमार मांझी ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक चलेगा. अभियान का उद्देश्य सामाजिक समरसता, समानता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाना है.

गुरु रविदास के ‘बेगमपुरा’ दर्शन को बताएंगे समाज के लिए प्रेरणादायी

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज मानवता के महान संत और समाज सुधारक थे. उनका ‘बेगमपुरा’ दर्शन ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां भेदभाव, अन्याय और दुख के लिए कोई स्थान नहीं हो. उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने सदियों पहले ही समानता, समरसता और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी थी.

मंदिरों में होगा ‘समरसता दीप महोत्सव’, निकलेगी कलश यात्रा

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर देशभर के मंदिरों में ‘समरसता दीप महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा. वहीं, ‘कलश वंदन अभियान’ के माध्यम से गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश प्रदेश, जिला, मंडल और गांव स्तर तक पहुंचाए जाएंगे.

अक्टूबर-नवंबर में निकलेगी समरसता यात्रा

विजय कुमार मांझी ने बताया कि पांच अक्टूबर से पांच नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी. इस यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा.

गुरु रविदास के विचारों से मिलेगा विकसित भारत का मार्ग : भाजपा

जिलाध्यक्ष ने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प का आधार हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में व्यापक जनभागीदारी वाला अभियान बनेगा.

इस अवसर पर अभियान संयोजक विनोद सिंह, जिला महामंत्री अशोक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौधरी व सुधांशु मिश्रा, जिला मंत्री नीमा देवी व देवानंद पासवान, मीडिया प्रभारी रणजीत कुमार सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Haribansh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >