Sherghati Snake Bite Death (नवीन कुमार मिश्रा) : गया जी जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव में रविवार की रात करैत सांप के डंसने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान सोनडीहा निवासी मुनारिक यादव के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. प्रिंस मध्य विद्यालय सोनडीहा में छठी कक्षा का छात्र था.
बच्चे ने हिम्मत दिखाकर सांप को मार डाला
परिजनों के अनुसार, रविवार की रात करीब 2:30 बजे प्रिंस मच्छरदानी लगाकर सो रहा था. उसी दौरान करैत सांप ने उसे डंस लिया. बच्चे ने अदम्य हिम्मत दिखाते हुए सांप को मार दिया. इसके बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद प्रिंस को मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : गया जी के ANMMCH में MBBS इंटर्न से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप, सीनियर रेजिडेंट पर केस दर्ज
चिकित्सक ने आरोपों को बताया गलत
परिजनों ने आरोप लगाया कि अनुमंडलीय अस्पताल में समय पर एंटी स्नेक वेनम वैक्सीन नहीं दिया गया, जिससे हालत बिगड़ गई.
वहीं, चिकित्सक डॉ. धीरज कुमार धीरू ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्चे का समुचित इलाज कर वैक्सीन दिया गया था. पल्स और बीपी बढ़ा होने के कारण उसे गंभीर हालत में मगध मेडिकल रेफर किया गया था.
पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा
चिकित्सक ने बताया कि अफजलपुर की अमृता कुमारी को भी सांप ने काटा था, जिसका इलाज कर ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई. इधर, पुलिस ने प्रिंस के शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है.
