Tikari Hospital Inspection : गया जी के टिकारी अनुमंडल अस्पताल की बदहाल व्यवस्था बुधवार की देर रात उस समय उजागर हो गई, जब एसडीओ प्रवीन कुंदन ने अचानक अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कई गंभीर मामले सामने आए, जिस पर एसडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों से 48 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है.
एसडीओ सबसे पहले रजिस्ट्रेशन काउंटर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड और एक कर्मी सोते हुए पाए गए. यह देखकर उन्होंने तत्काल फटकार लगाई और ड्यूटी के दौरान लापरवाही को गंभीर मामला बताया. एसडीओ श्री कुंदन ने विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी सेवा, रजिस्ट्रेशन काउंटर तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
अस्पताल के एक कमरे में कर्मचारी सोए मिले. पूछताछ में सो रहे कर्मी ने बताया कि काम के दौरान देर होने पर सो गए, जबकि एसडीओ को पूछताछ में पता चला कि उक्त कर्मी वर्षों से कमरे पर कब्जा जमाए हुआ है. एसडीओ ने कर्मी को फटकार लगाते हुए तुरंत कमरा खाली करने का निर्देश दिया.
चिकित्सक की अनुपस्थिति और वार्डों की व्यवस्था का जायजा
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से इलाज तथा अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली. एक-दो बेड पर बिछी चादर गंदी रहने पर एसडीओ ने तुरंत चादर बदलने का निर्देश दिया. अस्पताल में नाइट ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक अपने कक्ष में मौजूद नहीं थे.
Also Read : श्रावणी मेला को लेकर गया स्टेशन पर आरपीएफ अलर्ट, यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के दिए टिप्स
जानकारी लेने पर पता चला कि चिकित्सक ऊपर स्थित कमरे में हैं. इस पर एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आपातकालीन सेवा में तैनात चिकित्सक का ड्यूटी स्थल पर उपलब्ध रहना अनिवार्य है.
आपातकालीन वार्ड के आसपास बने रहने का निर्देश दिया. एसडीओ ने अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता की भी जानकारी ली. उन्होंने ऑक्सीजन स्टॉक और आपातकालीन व्यवस्था के बारे में पूछताछ की. वहां मौजूद नर्स ने बताया कि ऑक्सीजन सिलेंडर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मौजूद है.
Also Read : गया जी : कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बताया डीएपी का विकल्प, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के फायदे भी समझाए
कमियों पर कार्रवाई की चेतावनी और स्पष्टीकरण
निरीक्षण के बाद एसडीओ ने कहा कि अस्पताल में व्याप्त कमियां गंभीर मामला है. संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा गया है. संतोषजनक जवाब नहीं रहने पर संबंधित अस्पताल कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को पत्र प्रेषित किया जाएगा.
