गया जी : शेरघाटी में सखी वन स्टॉप सेंटर का जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को महिला अधिकार और हेल्पलाइन की दी जानकारी

शेरघाटी में सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति शिक्षित किया गया. महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी सहायता पर विशेष जोर दिया गया.

गया जी : महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, शेरघाटी की ओर से शनिवार को प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था.

महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं पर हुआ विस्तार से संवाद

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के अधिकार, लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा से संरक्षण, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा की रोकथाम, साइबर अपराध से बचाव, महिला हेल्पलाइन-181 तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई. साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को अस्थायी आश्रय, चिकित्सीय सहायता, मनोसामाजिक परामर्श, पुलिस सहायता और कानूनी सहयोग सहित कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं.

शिक्षा और आत्मविश्वास को प्राथमिकता देने की अपील

वक्ताओं ने छात्राओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने, आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच संबंधित विभाग और हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की.

कई अधिकारी, शिक्षक और छात्राएं रहीं मौजूद

कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक प्रिया कुमारी, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राज कुमार सिंह, शिक्षक अमित कुमार एवं ओम प्रकाश, शिक्षिकाएं खुशबू कुमारी और सुषमा कुमारी, जीविका अधिकार केंद्र की सोनल कुमारी, प्रियंका कुमारी, रूबी कुमारी, छात्राएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sakshi Kumari

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >