गया जी: सहयोग शिविर में गूंजा जमीन और राशन कार्ड का मुद्दा, बिचौलियों पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

गया के कचौड़ी पंचायत में आयोजित प्रशासनिक सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने भूमि विवाद, राशन कार्ड, आवास और पेंशन जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. अंचल कार्यालय में बिचौलियों की सक्रियता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए.

Gaya ji News : शेरघाटी प्रखंड की कचौड़ी पंचायत में मंगलवार को आयोजित प्रशासनिक सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने भूमि विवाद, राशन कार्ड, आवास और पेंशन समेत विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. सबसे अधिक शिकायतें भूमि संबंधी मामलों और अंचल कार्यालय में बिचौलियों की सक्रियता को लेकर सामने आईं. जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, एसएसपी सुशील कुमार, स्थानीय विधायक उदय कुमार सिंह सहित कई अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

जमीन संबंधि 12 आवेदन प्राप्त हुए

शिविर में भूमि परिमार्जन और दाखिल-खारिज से संबंधित 12 आवेदन प्राप्त हुए. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालय में परिमार्जन, दाखिल-खारिज और भूमि अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण के लिए अवैध राशि की मांग की जाती है. उनका कहना था कि राजस्व कर्मचारी सीधे बात करने के बजाय बिचौलियों के माध्यम से आने को कहते हैं, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

परिमार्जन नहीं होने की शिकायत की

आवास योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े एक दर्जन से अधिक आवेदन भी प्राप्त हुए. सूरज साव, लखन दास, रेखा देवी, मुन्नी देवी, रामरतन यादव, संगीता देवी और बुधनी देवी सहित कई ग्रामीणों ने राशन कार्ड रद्द होने तथा परिमार्जन नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई. संगीता देवी ने अधिकारियों को बताया कि उनके नाम कोई जमीन नहीं होने के बावजूद उनका राशन कार्ड रद्द कर दिया गया.

जी-रामजी योजना की जानकारी दी गयी

शिविर में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र से संबंधित एक नया आवेदन प्राप्त हुआ, जबकि 24 प्रमाणपत्र लाभुकों के बीच वितरित किए गए. अधिकारियों ने ग्रामीणों को जी-रामजी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत अब 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा.

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी, एसएसपी, विधायक, एसडीओ समेत अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा ग्रामीणों से सामाजिक सौहार्द, शांति व्यवस्था और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की. शिविर में पूर्व मंत्री विनोद प्रसाद यादव, एसडीओ मनीष कुमार, डीएसपी संदीप कुमार, बीडीओ स्नेहिल आनंद, सीओ उषा कुमारी, राजस्व पदाधिकारी अमित कुमार, थानाध्यक्ष मोहन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पंचायत की मुखिया अंशु कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया.

Also Read : मैगरा-डुमरिया बस पड़ाव पर मूलभूत सुविधा का अभाव, शौचालय के अभाव में मैगरा और डुमरिया बस स्टैंड पर बढ़ी परेशानी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Rajeev Kumar

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >