हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस से टकराई बाइक, ट्रैक पर मिले क्षतिग्रस्त अवशेष, जांच में जुटी RPF

Gaya Ji News : गया जी-कोडरमा रेलखंड पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस से एक बाइक टकरा गई. ट्रेन के इंजन के पास बाइक के बेहद क्षतिग्रस्त अवशेष मिले हैं, लेकिन चालक का कोई सुराग नहीं है. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मामले की जांच में जुट गया है.

Gaya Ji News : गया जी-कोडरमा रेलखंड पर बुधवार की सुबह हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस से एक बाइक टकरा जाने की घटना सामने आयी. हादसा टनकुप्पा और पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 441/04 पर हुआ.

घटना के बाद ट्रेन कुछ देर तक मौके पर खड़ी रही और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) व रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जांच की. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है.

इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6:28 बजे धनबाद कंट्रोल से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 12302 डाउन नयी दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस से टनकुप्पा-पहाड़पुर रेलखंड के बीच एक बाइक टकरा गयी है.

घटना के बाद कुछ देर रुकी रही ट्रेन

सूचना मिलते ही पहाड़पुर स्टेशन पर कैंपिंग ड्यूटी में तैनात आरपीएफ के जवान, रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (पथ) दिवाकर कुमार तथा उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. जांच के दौरान पता चला कि राजधानी एक्सप्रेस सुबह 6:17 बजे से 6:30 बजे तक घटनास्थल पर रुकी रही. ट्रेन के इंजन के समीप बाइक के बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवशेष बरामद हुए.

बाइक और चालक की नहीं हो सकी पहचान

बाइक इतनी अधिक क्षतिग्रस्त थी कि उसका पंजीकरण नंबर, इंजन नंबर और चेसिस नंबर की पहचान मौके पर नहीं हो सकी. वहीं बाइक चालक की भी पहचान नहीं हो सकी है और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है.

गया से धनबाद तक ट्रेन में तैनात आरपीएफ के मार्गरक्षण दल के प्रभारी एएसआई डी.पी. सिंह से संपर्क कर घटना की जानकारी ली गयी. इसके बाद ट्रेन मैनेजर, कैरिज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों तथा रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से घटना का नोट तैयार किया.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है. साथ ही घटनास्थल पर किसी व्यक्ति के हताहत होने के भी साक्ष्य नहीं मिले हैं. हालांकि, बाइक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची और उसका चालक कौन था, इसकी जांच की जा रही है.

आरपीएफ ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है. संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जायेगी. बाइक के मालिक और चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करने या ट्रैक के आसपास किसी भी प्रकार के वाहन ले जाने से बचें, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

Also Read : रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में जल्द शुरू होगी ICU और वेंटिलेटर सुविधा, विधायक ने बताया ऐतिहासिक सौगात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rohit kumar singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >