पितृपक्ष मेला को लेकर प्रेतशिला पहाड़ी और मंदिर परिसर में शनिवार से साफ-सफाई अभियान तेज कर दिया गया है. नगर प्रखंड प्रशासन की ओर से स्वच्छता कर्मियों को लगाकर प्रेतशिला पहाड़ी सहित पूरे मंदिर परिसर क्षेत्र की व्यापक सफाई करायी जा रही है.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्था दुरुस्त
मेला शुरू होने से पहले यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम भी शुरू कर दिया गया है.
बीडीओ ने मंदिर परिसर का किया मुआयना
नगर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार चौधरी ने प्रेतशिला मंदिर परिसर का मुआयना कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले मंदिर परिसर, पहाड़ी क्षेत्र और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले स्थानों की सफाई पूरी तरह सुनिश्चित की जाए.
गंदगी दिखने पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश
बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि जहां भी गंदगी या अव्यवस्था नजर आए, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए.
श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल देना प्राथमिकता
बीडीओ ने कहा कि पितृपक्ष मेला में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रेतशिला पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं को यहां बेहतर माहौल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.
मेला से पहले जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारी पहली प्राथमिकता है. मेला शुरू होने से पहले प्रेतशिला मंदिर के आसपास हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
प्रेतशिला कुंड की भी शुरू हुई सफाई
इधर, प्रेतशिला स्थित कुंड की भी सफाई का काम शुरू कर दिया गया है. कुंड और आसपास के क्षेत्र में जमा गंदगी को हटाने के साथ रंग-रोगन का कार्य भी कराया जा रहा है.
मंदिर परिसर को आकर्षक बनाने की तैयारी
मंदिर परिसर की दीवारों और अन्य स्थानों को भी साफ-सुथरा कर आकर्षक बनाने की तैयारी है. प्रशासन का उद्देश्य है कि पितृपक्ष के दौरान प्रेतशिला आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिले.
मेला अवधि में भी नियमित सफाई की तैयारी
साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम पूरा होने के बाद मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र चकाचक नजर आयेगा. प्रशासन की ओर से मेला अवधि में भी नियमित साफ-सफाई बनाये रखने की तैयारी की जा रही है.
ALSO READ : गया जी : जन्म एक तारीख को, पढ़ाई साथ-साथ और मौत भी साथ, अब एक ही कब्र में दफन हुईं दो सहेलियां
