Gaya Ji News : अतरी के विधायक रोमित कुमार ने गया स्थित फल्गु नदी में अनियंत्रित बालू उठाव से उत्पन्न गंभीर समस्या को सदन में प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे बालू खनन के कारण फल्गु नदी का तल पारंपरिक पइनों के स्तर से नीचे चला गया है, जिससे अतरी विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश पइनें मृतप्राय हो गयी हैं.
इसका सीधा असर सिंचाई व्यवस्था पर पड़ा है और हजारों किसानों को खेती-किसानी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
विधायक ने सदन के माध्यम से जल संसाधन विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाये गये, तो क्षेत्र में कृषि संकट और गहरा सकता है.
जल संसाधन मंत्री ने तकनीकी जांच का दिया आश्वासन
इस पर बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मामले की गंभीरता स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा तकनीकी जांच करायी जायेगी.
जांच के आधार पर पइनों के पुनर्जीवन, सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा किसानों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जायेगी. मंत्री के आश्वासन से अतरी क्षेत्र के किसानों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है.
