Paraiya Morhar River Water (रंजन कुमार सिन्हा) : गया जी के परैया प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली मोरहर नदी की दोनों शाखाओं में पानी के प्रवेश से स्थानीय ग्रामीणों और किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है. नदी के किनारे बसे दर्जनों गांवों में पिछले काफी समय से गहराया पेयजल और सिंचाई का संकट अब दूर होने की उम्मीद जगी है.
गिरते जलस्तर से बनी थी विकराल स्थिति
अपर व लोअर मोरहर नदी के तटीय इलाकों में भूमिगत जलस्तर अत्यधिक नीचे चले जाने से स्थिति विकराल हो गई थी. ग्रामीणों के घरों में लगे चापाकल और खेतों में स्थापित पंपिंग सेट पूरी तरह सूख चुके थे, जिससे पीने के पानी के साथ-साथ फसलों की सिंचाई पर भी गंभीर संकट मंडरा रहा था.
जलस्तर में सुधार और पटवन की उम्मीद
नदी में जल प्रवाह शुरू होने से न केवल तेजी से गिरते जलस्तर में सुधार होगा, बल्कि खेती के लिए पटवन की समस्या का भी समाधान हो सकेगा. परसावां निवासी पूर्व प्रखंड उपप्रमुख सह किसान श्रीकांत सिंह ने बताया कि परैया प्रखंड के कई गांव नदी के तट पर बसे हैं.
पेयजल किल्लत दूर होने की जगी आस
पूर्व उपप्रमुख ने बताया कि वाटर टेबल काफी नीचे चले जाने से इन क्षेत्रों में पेयजल की भीषण किल्लत हो गई थी. नदी में पानी आने से अब भूजल स्तर रिचार्ज होगा, जिससे चापाकल और पंपिंग सेट पुनः काम करने लगेंगे.
Also Read : जहां पढ़कर डॉक्टर बने, 35 की उम्र में वहीं संभालेंगे विभाग की कमान; बिहारशरीफ के डॉ. धीरज कुमार बने PMCH HOD
पइनों के माध्यम से पहुंचेगा पानी
उन्होंने आगे बताया कि मोरहर नदी से निकली नहरों और पइनों के माध्यम से यह पानी दूर-दराज के अन्य गांवों और कस्बों तक भी पहुंचेगा. इससे बड़े पैमाने पर किसानों और आम जनता को जल संकट से बड़ी राहत मिलेगी.
