Gaya Ji Drowning Incident : गया जी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के पुरनी रक्शी गांव में मंगलवार की शाम पानी स्टोरेज के लिए बने चहका में डूबने से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान पुरनी रक्शी गांव निवासी मुन्ना चौहान (42) के रूप में हुई है.
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, मुन्ना चौहान शौच के बाद शौच निवृत्ति के लिए गांव के समीप स्थित चहका के पास गए थे.
इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे. आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई.
ग्रामीणों द्वारा शव बाहर निकालना और परिजनों में कोहराम
कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर तालाब पर पड़ी, तो घटना की जानकारी मिली. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
पुलिस का पहुंचना, पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए भेजना
घटना की सूचना पर फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के निर्देश पर एसआइ सोनू कुमार एवं संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया.
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि डूबने से मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : मोकामा रेल पुल पर एनआई कार्य के कारण सितंबर में बदलेगा ट्रेनों का रूट, गया जी के रास्ते चलेंगी कई ट्रेनें
