Magadh University Inspection : मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो दिलीप कुमार केशरी ने विश्वविद्यालय प्रेस का औचक निरीक्षण किया व निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आयी कि प्रेस के इंचार्ज, अधीक्षक सहित कई कर्मचारी बगैर किसी पूर्व सूचना के अपने कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाये गये.
विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करने और कार्यालयों में अनुशासन बनाये रखने के उद्देश्य से कुलपति प्रो केशरी ने यह कदम उठाया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रेस कार्यालय की उपस्थिति पंजी की भी जांच की.
कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर कुलपति की कड़ी नाराजगी
ड्यूटी के प्रति लापरवाही को देखकर कुलपति ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की. कार्य संस्कृति के प्रति अधिकारियों व कर्मचारियों की इस घोर उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए कुलपति ने तत्काल प्रभाव से सख्त प्रशासनिक कदम उठाये.
उन्होंने अनुपस्थित पाये गये प्रेस इंचार्ज, अधीक्षक एवं सभी संबंधित कर्मचारियों से अविलंब स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया है. शनिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस औचक निरीक्षण के जरिए कड़ा संदेश दिया गया है.
अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ सख्त चेतावनी
कुलपति प्रो दिलीप कुमार केशरी ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय के किसी भी भाग में अनुशासनहीनता, लेटलतीफी या कर्तव्यों के प्रति लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
Also Read : बोधगया में निरंजना नदी के दलदल में फंसे युवक का शव बरामद, 24 घंटे से तलाश कर रही थी SDRF की टीम
भविष्य में भी औचक निरीक्षण जारी रखने की घोषणा
उन्होंने चेतावनी दी है कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को पटरी पर लाने के लिए भविष्य में भी अन्य प्रशासनिक विभागों, संकायों और महाविद्यालयों का इसी प्रकार औचक निरीक्षण जारी रहेगा व जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपनी ड्यूटी से गायब मिलेंगे, उनके खिलाफ नियम संगत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.
