गया जी: हाजिरी व्यवस्था पर मगध मेडिकल में असमंजस, डॉक्टरों की नाराजगी बढ़ी

मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नई फेस आईडी हाजिरी प्रणाली में गड़बड़ी के बाद मैन्युअल हाजिरी का निर्देश दिया गया है. इससे डॉक्टरों में नाराजगी है, क्योंकि ऑपरेशन के दौरान भी हाजिरी का दबाव रहता है.

Gaya ji News : गया मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति दर्ज कराने की नई व्यवस्था को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. फेस आईडी आधारित उपस्थिति प्रणाली में कथित गड़बड़ी की शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन ने डॉक्टरों को स्वयं उपस्थित होकर हस्ताक्षर के माध्यम से हाजिरी दर्ज कराने का निर्देश दिया है. इसके बाद से अस्पताल और कॉलेज दोनों जगह निर्धारित समय पर उपस्थिति को लेकर डॉक्टरों में नाराजगी देखी जा रही है.

ऑपरेशन के बीच भी हाजिरी का दबाव

कॉलेज सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों को सुबह 9:30 बजे अस्पताल और 10 बजे कॉलेज में उपस्थित होकर हाजिरी बनानी पड़ रही है. बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान भी हाजिरी का समय निकलने पर कार्यालय से फोन किए जाते हैं, जिससे चिकित्सकों को बीच में ही स्पष्टीकरण देना पड़ता है. सूत्रों का दावा है कि इस व्यवस्था के कारण कुछ डॉक्टर लंबी छुट्टी पर चले गए हैं, जबकि अन्य भी छुट्टी लेने पर विचार कर रहे हैं. इसके चलते कुछ विभागों में ऑपरेशन की संख्या प्रभावित होने की भी चर्चा है.

रेडियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की कमी बरकरार

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक रेडियोलॉजी विभाग कई वर्षों से एक ही डॉक्टर के भरोसे संचालित हो रहा है. विभाग में कई चिकित्सकों की पोस्टिंग होने के बावजूद उन्होंने योगदान नहीं दिया. हाल ही में एक डॉक्टर की नियुक्ति हुई, लेकिन उन्होंने भी अब तक कार्यभार नहीं संभाला है. वहीं विभागाध्यक्ष पहले ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के लिए आवेदन दे चुके हैं.

'मरीजों के हित में लागू की गई है व्यवस्था'

मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल की प्राचार्य डॉ. लता शुक्ला द्विवेदी ने कहा कि नई व्यवस्था मरीजों के हित को ध्यान में रखकर लागू की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई डॉक्टर ऑपरेशन में व्यस्त हैं तो अस्पताल प्रशासन उनके कार्यालय पहुंचकर भी उपस्थिति दर्ज करा सकता है. अंतिम उपस्थिति सूची कार्यालय से ही संबंधित विभागों को भेजी जाती है. उन्होंने कहा कि किसी भी डॉक्टर को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सभी को विभागीय नियमों का पालन करना होगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jitendra Mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >