गया जी : टिकारी में IG विकास वैभव ने दिया विकसित बिहार का संदेश, बोले- ऐतिहासिक मगध को फिर स्थापित करने की जरूरत

आईजी विकास वैभव ने टिकारी में 'प्रेरणा संवाद' के दौरान मगध की गौरवशाली पहचान को फिर से स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि विकसित बिहार के निर्माण में मगध की भूमिका अहम होगी.

Gaya Ji News : लेट्स इंस्पायर बिहार के बैनर तले रविवार को नगर पर्षद सभागार में प्रेरणा संवाद का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार झा, प्रभारी टिकारी डीएसपी राजन कुमार, नगर पर्षद अध्यक्ष अजहर इमाम एवं शिक्षाविद् प्रो. जावेद हसन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं बुके देकर किया गया.

आईजी विकास वैभव का संबोधन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी विकास वैभव ने कहा कि जिस बिहार के मगध ने महाभारत काल से लेकर प्राचीन काल तक देश की शान बढ़ाई, उसी गौरवशाली पहचान को फिर से स्थापित करने की जरूरत है. मगध शौर्य, पराक्रम और उद्यमिता की भूमि रही है.

विकसित भारत के सपने को साकार करने में मगध की अहम भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि ग्रीक इतिहासकारों ने भी मगध की क्षमता और सामर्थ्य का उल्लेख किया है. ‘मगध’ शब्द अपने आप में प्रेरणा और शक्ति का प्रतीक है. प्राचीन काल में मगध के पास विशाल और सशक्त सेना थी.

टिकारी की ऐतिहासिकता और उद्देश्य

उन्होंने टिकारी नगर परिषद की ऐतिहासिकता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सूबे की सबसे पुरानी नगर निकायों में से एक है. ऐसे ऐतिहासिक शहर को विकसित बिहार के निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने की आवश्यकता है.

उन्होंने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपने दायित्व और समाज के विकास के बारे में सोचने की जरूरत है. आईजी ने कहा कि लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान का उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा कर वर्ष 2047 तक विकसित बिहार के निर्माण में योगदान देना है. उनका प्रयास है कि ऐतिहासिक नगरी टिकारी इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाए.

मुख्य पार्षद मो. इमाम ने अध्यक्षीय संबोधन में नगर पर्षद की ओर से कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी तथा लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. कार्यक्रम का संचालन प्रो. जावेद हसन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हिमांशु शेखर ने किया.

पुष्पवर्षा और ट्रैफिक बैरियर

आईजी विकास वैभव के टिकारी पहुंचने पर ग्राम रक्षा दल के सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया. इस दौरान सदस्यों ने पितृपक्ष मेले में सुरक्षा कर्मी के रूप में नि:शुल्क तैनाती देने की अपील भी की. नगर पर्षद की ओर से टिकारी शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से ट्रैफिक बैरियर भी उपलब्ध कराया गया.

बाल उद्यान में विभिन्न संसाधनों का उद्घाटन

कार्यक्रम के बाद आईजी विकास वैभव टिकारी बाल उद्यान पहुंचे. यहां उन्होंने फीता काटकर ओपन जिम, झूले, वाटर फव्वारा समेत अन्य लगाए गए संसाधनों का उद्घाटन किया. इस दौरान पार्क परिसर में पौधारोपण भी किया गया.

आईजी के बाल उद्यान पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में युवा वहां जुट गए. उन्होंने युवाओं का अभिवादन स्वीकार किया और इसके बाद मुख्यालय के लिए रवाना हो गए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार पांडेय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >