Illegal Sand Mining in Khizarsarai : गया जी जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर नई बहस छेड़ दी है. वायरल वीडियो में बालू लदे कई ट्रैक्टर तेज रफ्तार से भागते दिखाई दे रहे हैं.
दावा किया जा रहा है कि पीछे से खनन विभाग और पुलिस की टीम स्कॉर्पियो वाहन से उनका पीछा कर रही थी. इस दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन का वजन कम करने के लिए चलते-चलते सड़क पर ही बालू गिराते नजर आते हैं.
इसके बावजूद सभी ट्रैक्टर कथित तौर पर अधिकारियों को चकमा देकर फरार हो जाते हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो गया इंजीनियरिंग कॉलेज के आसपास का है. वीडियो में कुछ ग्रामीण यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि “ये सब इधर के नहीं हैं.” घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. हालांकि प्रभात खबर इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता.
ग्रामीणों के आरोप और अवैध खनन को लेकर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के मौसम में नदियों से बालू खनन पर सरकारी रोक के बावजूद बालू माफिया बेखौफ होकर कारोबार कर रहे हैं. उनका कहना है कि कई बार ठेका या अन्य कागजात दिखाकर प्रशासनिक कार्रवाई से बचने की कोशिश की जाती है. लोगों का सवाल है कि यदि सब कुछ वैध है तो अधिकारियों की गाड़ी देखते ही ट्रैक्टरों के भागने की नौबत क्यों आती है.
Also Read : गया जी : कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बताया डीएपी का विकल्प, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के फायदे भी समझाए
सख्त कार्रवाई की मांग और प्रतिबंध का उद्देश्य
स्थानीय लोगों ने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा अवैध बालू खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो सरकार के प्रतिबंध का उद्देश्य ही विफल हो जाएगा और अवैध खनन का कारोबार लगातार फलता-फूलता रहेगा.
