गया जी : घर का ताला तोड़ चोरों ने की लाखों की चोरी, ससुराल गया था पीड़ित परिवार.

Gaya Ji News : गया जी के इमामगंज थाना क्षेत्र में एक सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया है. घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के कीमती गहने और नकदी चोरी कर ली गई। पीड़ित परिवार ससुराल गया हुआ था.

Gaya Ji News : गया जी के इमामगंज थाना क्षेत्र के बभंडीह गांव के टोला गेवालगंज स्थित देवी मंदिर के समीप एक सूने घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. शातिर चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा समेत सभी कमरों के ताले कटर या अन्य औजार से तोड़ दिए. इसके बाद कमरों के भीतर रखी अलमारी और बक्से के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के कीमती गहने तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया.

ससुराल गया था पीड़ित परिवार, पड़ोसियों ने दी सूचना

पीड़ित गृहस्वामी रवि कुमार ने बताया कि शनिवार की रात करीब आठ बजे वह अपने पूरे परिवार के साथ कुजेसर गांव स्थित अपनी ससुराल गये थे. इसी बीच चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया.

रविवार की सुबह जब पड़ोसियों की नजर घर के टूटे हुए ताले पर पड़ी, तो उन्होंने फोन कर रवि कुमार को इसकी सूचना दी. चोरी की सूचना मिलते ही जब वह आनन-फानन में अपने घर पहुंचे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे के साथ-साथ अंदर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे.

घर के भीतर अलमारी और बक्सा जबरन तोड़कर उसमें रखा सारा कीमती सामान बिखेर दिया गया था.

छह लाख के गहने और 30 हजार कैश ले उड़े चोर

पीड़ित ने नुकसान का विवरण देते हुए बताया कि चोर उनके घर से लगभग छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के पुश्तैनी व नए गहने तथा करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं. इस घटना की लिखित सूचना स्थानीय थाने को दे दी गयी है.

इस संबंध में इमामगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित का लिखित आवेदन पुलिस को प्राप्त हो गया है और मामले की सघन जांच की जा रही है. पुलिस की टीम घटनास्थल और आसपास के पूरे क्षेत्र में बारीकी से छानबीन कर रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

Also Read : शेखपुरा : पैक्स और व्यापार मंडलों को 26 जुलाई तक चावल जमा करने का निर्देश, 1483 MT आपूर्ति अब भी बाकी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >