गया जी के गुरुआ थाना क्षेत्र के नवाबचक गांव में गुरुवार को आहर में डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान नवाबचक गांव निवासी अमरेंद्र यादव की 13 वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी और मनोज चौधरी की 12 वर्षीय पुत्री सुप्रिया कुमारी के रूप में हुई है. दोनों आदर्श मध्य विद्यालय तरोवा में सातवीं कक्षा की छात्राएं थीं.
स्कूल से लौटने के दौरान हादसा
ग्रामीणों के अनुसार दोनों छात्राएं गुरुवार को गांव के अन्य छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल गयी थीं. छुट्टी के बाद दोनों घर लौट रही थीं. बारिश के कारण दोनों छात्राएं एक वृक्ष के नीचे खड़े हो गये, बारिश समाप्त होने के बाद दोनों पैर धोने के लिए नवाबचक आहर में गयी, जहां छठ घाट बनी हुई थी.
बचाने के क्रम में दूसरा हादसा
पैर फिसलने से एक छात्रा नीचे आहर में चली गई, तो दूसरी उसे बचाने उतरी और वह भी डूब गयी. इस बीच पीछे से आ रहे बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को पानी से बाहर निकाला.
अस्पताल में मृत घोषित
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुआ ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि दोनों छात्राएं आपस में पक्की सहेली थीं. सुहानी दो बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी, जबकि सुप्रिया भी दो बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी. दोनों छात्राओं की मौत की खबर मिलते ही नवाबचक गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर हाल है. घटना से ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त है.
पुलिस कार्रवाई व नेताओं का शोक
थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए गया भेजने की प्रक्रिया में जुटी थी तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है. चारों तरफ परिजनों के रोने-पीटते की आवाज आ रही थी. इधर घटना के बाद गुरुआ विधायक डॉ उपेंद्र प्रसाद, पूर्व विधायक विनय कुमार यादव, मुखिया पति सुरेन्द्र कुमार यादव ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया है.
