Gaya Ji News : गया जी जिले के गुरुआ प्रखंड के मध्य विद्यालय चकजलपा की विशिष्ट शिक्षिका सरिता कुमारी को स्कूल का माहौल खराब करने, विभाग की छवि बिगाड़ने और अनुशासन तोड़ने के आरोप में तुरंत प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है. यह कार्रवाई बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है.
बीईओ की जांच रिपोर्ट के बाद गिरी गाज
बता दें कि मध्य विद्यालय चकजलपा को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ गलत खबरें चलाई जा रही थीं. इसकी जानकारी मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) डॉ. जयशंकर सिंह ने स्कूल पहुंचकर अचानक जांच की.
जांच के दौरान उन्होंने पढ़ाई का स्तर, हाजिरी और खाने (एमडीएम) के रजिस्टर चेक किए. शुरुआती जांच में ही शिक्षिका द्वारा अनुशासन तोड़ने और स्कूल का नाम खराब करने की बात सामने आई, जिसके बाद बीईओ ने अपनी रिपोर्ट बड़े अधिकारियों को भेजी और शिक्षिका पर कार्रवाई हुई.
डुमरिया केंद्र में दी गई तैनाती, रिपोर्ट के बाद मिलेगा भत्ता
कार्रवाई के तहत शिक्षिका को सस्पेंड करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी गई है. सस्पेंशन के दौरान उनका नया केंद्र 'प्रखंड संसाधन केंद्र, डुमरिया' तय किया गया है.
शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, शिक्षिका जब अपने नए केंद्र पर जाकर रिपोर्ट करेंगी, तभी से उन्हें नियमों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.
अधिकारी करेंगे मामले की पूरी जांच
इस पूरे मामले की सही से जांच करने के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ), गया को जांच अधिकारी बनाया गया है.
Also Read : गया जी: गुरुआ के चकजलपा स्कूल में सोशल मीडिया पर वायरल मामले की जांच, बीइओ बोले- दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई
बीईओ ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय का नाम खराब करने या नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि स्कूल में कमरों की कमी की समस्या की जानकारी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दी जाएगी, ताकि बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने शिक्षकों को विद्यालय का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
