Gaya ji News : गया जंक्शन के चर्चित सोना लूटकांड में फरार चल रहे चौथे आरोपित सिपाही की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी ने मंगलवार को कई स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस टीम ने गया जंक्शन के अलावा जहानाबाद, मखदुमपुर, बेला तथा अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपित की तलाश की. हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी.
गिरफ्तारी के लिए लगातार हो रही छापेमारी
रेल थाना अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि फरार सिपाही रंजय कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है. उसके परिजनों को भी स्पष्ट रूप से सूचित किया गया है कि वह जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दें. ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी और गिरफ्तारी अभियान और तेज किया जायेगा.
तीन आरोपित सिपाही कर चुके हैं आत्मसमर्पण
इस बहुचर्चित मामले में नामजद तीन अन्य आरोपित सिपाहियों करण कुमार, अभिषेक चतुर्वेदी और आनंद मोहन ने सोमवार की देर शाम एसीजेएम-5 की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था. न्यायालय ने तीनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया.
21 नवंबर को हुई थी सोना लूट की घटना
उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर को गया जंक्शन पर जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में सोना लूट की वारदात हुई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर चार सिपाहियों की संलिप्तता सामने आई. इसके बाद उनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गई. जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर मामले के अनुसंधान को आगे बढ़ाया जायेगा.
