यात्रिगण कृपया ध्यान दें! गया-किऊल रेलखंड पर 8 घंटे का मेगा ब्लॉक कल, 4 मेमू ट्रेनें रद्द, इनका रुट बदला, देखिए लिस्ट

Gayaji Railway News: रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. इससे अनावश्यक परेशानी और समय की बर्बादी से बचा जा सकेगा.

गयाजी से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gayaji Railway News:
गया-किऊल रेलखंड पर मंगलवार को 8 घंटे के मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा. जिसका असर दर्जनों यात्रियों की यात्रा पर पड़ने वाला है. रेलवे द्वारा तिलैया और नवादा स्टेशन के बीच ट्रैक रखरखाव और तकनीकी कार्यों के लिए ब्लॉक लिया गया है. इसके चलते कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है. इससे दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

4 ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तिलैया और नवादा के बीच ट्रैफिक ब्लॉक के कारण गया-किऊल रेलखंड पर चलने वाली चार मेमू पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन मंगलवार को पूरी तरह रद्द रहेगा.रद्द की गई ट्रेनों में गाड़ी संख्या 63355 किऊल-गया मेमू, 63315 झाझा-गया मेमू, 63316 गया-झाझा मेमू और 63322 गया-किऊल मेमू शामिल हैं। इन ट्रेनों के रद्द रहने से नवादा, शेखपुरा, किऊल, झाझा और गया के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ेगा.

गया-हावड़ा एक्सप्रेस का रूट बदला

मेगा ब्लॉक के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है. गया जंक्शन से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी. यह ट्रेन गया जंक्शन से चलकर जहानाबाद, पटना जंक्शन, मोकामा और किऊल जंक्शन होते हुए हावड़ा के लिए रवाना होगी. इससे नवादा और तिलैया मार्ग के यात्रियों को इस ट्रेन की सुविधा नहीं मिल सकेगी. हालांकि, वापसी दिशा में चलने वाली गाड़ी संख्या 13023 हावड़ा-गया एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होगी.

गया-कामाख्या एक्सप्रेस के परिचालन

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है. इसके अतिरिक्त, गया-कामाख्या एक्सप्रेस के परिचालन में भी बदलाव किए जाने की सूचना दी गयी है.रेलवे प्रशासन ने कहा है कि परिचालन संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार ट्रेन के मार्ग और समय में अस्थायी परिवर्तन किया जा सकता है.

गया जंक्शन से चलेगी शेखपुरा-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन

वहीं, विशेष ट्रेनों के परिचालन को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है. गाड़ी संख्या 03697 शेखपुरा-आनंद विहार स्पेशल 9 जून को शेखपुरा के बजाय गया जंक्शन से अपनी यात्रा शुरू करेगी. इसी प्रकार, आनंद विहार टर्मिनल से चलने वाली गाड़ी संख्या 02398 आनंद विहार-शेखपुरा स्पेशल नौ जून को शेखपुरा जाने के बजाय गया जंक्शन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी.

रेलवे अधिकारियों ने किया अपील

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. ताकि, किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकें.मेगा ब्लॉक के दौरान रेलवे द्वारा सुरक्षा और संरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्य पूरे किए जायेंगे, जिससे भविष्य में ट्रेनों का परिचालन और अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकें.

Also Read: गयाजी में मैट्रिक के छात्र की सड़क हादसे में मौत, घर से चाउमीन खाने निकला था किशोर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >