Gaya Ji News : नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में बिजली चोरों की सक्रियता का एक बड़ा मामला सामने आया है. अज्ञात चोरों ने 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र, नीमचक बथानी से संचालित 11 केवी मनियारा फीडर की करीब तीन किलोमीटर लंबी बिजली की तार (रैबिट कंडक्टर) काटकर चोरी कर ली है. इस बड़ी घटना से साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) को कुल 1,53,636 रुपये की भारी आर्थिक क्षति हुई है.
घटना के बाद पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर नीमचक बथानी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है.
23 पोलों से गायब मिले तार
विभागीय कनिय अभियंता अभय कुमार ने बताया कि विभागीय मिस्त्री ने अधिकारियों को सूचना दी थी कि बंडी मोड़ से बंगठिया पुल तक कुल 23 बिजली पोलों के बीच लगी बिजली की तार अज्ञात लोगों द्वारा खोलकर काट ली गयी है. सूचना मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सघन निरीक्षण किया, जहां बड़े पैमाने पर तार चोरी होने की पुष्टि हुई.
उन्होंने बताया कि इस चोरी के कारण संबंधित इलाके में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की पूरी संभावना है. इसके साथ ही विभाग को तार दोबारा लगाने और लाइन को चालू करने में अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ेगा.
पुलिस जांच में जुटी
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए बिजली लाइनों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए. इसके साथ ही विभाग ने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. मामले के संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि विभाग की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है और इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.
