गया जी जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर ही सफल उद्भेदन कर लिया है. इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई की जानकारी देते हुए गया की ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया.
ग्रामीण एसपी ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को छोटकी कुंजेसर गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एएनएमएमसीएच (ANMMCH) भेज दिया. इसके साथ ही, वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए एफएसएल (FSL) और तकनीकी टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए.
विशेष टीम का गठन और चार आरोपियों की गिरफ्तारी
इस मामले में इमामगंज थाना कांड संख्या 264/26 दर्ज किया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशानुसार, ग्रामीण एसपी के कुशल निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), इमामगंज के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था.
तकनीकी अनुसंधान और पुख्ता आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में:
- रोहित कुमार
- राजा आलम उर्फ बुग्लू
- मो. मुन्ना
- एक महिला आरोपी शामिल हैं.
बरामदगी और हत्या की मुख्य वजह
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने इस बात को स्वीकार किया है कि आपसी प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंध को लेकर उपजे विवाद के कारण ही इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया था.
ग्रामीण एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस कांड में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
Also Read : राजगीर : भारतीय मनोविज्ञान दिवस पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, कॉलेज में काउंसलिंग सेल की शुरुआत
