गयाजी से उदय शंकर की रिपोर्ट
Gaya ji Weather Update: गया जी जिले के मानपुर-राजगीर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को आंधी के कारण एक विशाल इमली का पेड़ सड़क पर गिर गया. जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. पेड़ गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इतना ही नहीं, पेड़ की बड़ी शाखा विद्युत तार और पोल पर गिरने से बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
उसरी टोला बंसी बीघा के पास सड़क पर गिरा विशाल पेड़
घटना मानपुर-राजगीर मुख्य मार्ग पर उसरी टोला बंसी बीघा के समीप हुई. तेज आंधी के दौरान सड़क किनारे खड़ा विशाल इमली का पेड़ अचानक टूटकर बीच सड़क पर गिर पड़ा. देखते ही देखते मुख्य सड़क पर यातायात ठप हो गया.
दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतार
पेड़ गिरने के बाद सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई. यात्री और वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे. कई लोगों को वैकल्पिक मार्ग की तलाश करनी पड़ी. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय पेड़ गिरा, उस वक्त सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी. संयोग अच्छा रहा कि कोई वाहन सीधे पेड़ की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था.
पुलिस और स्थानीय लोग खाली करा रहे सड़क
घटना की सूचना मिलते ही बुनियादगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मिलकर सड़क से पेड़ हटाने और यातायात सामान्य करने के प्रयास में जुट गए. विशाल पेड़ की शाखाएं सड़क किनारे लगे बिजली के तारों और पोल पर भी गिर गईं. इससे विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया और कई तार टूट गए.
बड़े इलाके की बिजली आपूर्ति ठप
बिजली के तार टूटने के कारण आसपास के बड़े इलाके में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई. कई घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अंधेरा छा गया. बिजली विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. सड़क जाम और बिजली कटौती के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गर्मी के मौसम में बिजली बंद होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. पुलिस और प्रशासन की निगरानी में पेड़ हटाने और यातायात बहाल करने का कार्य जारी है. वहीं बिजली विभाग क्षतिग्रस्त पोल और तारों की मरम्मत में जुट गया है.
