Gaya Ji News : बांकेबाजार के लुटुआ कैंप में तैनात सीआरपीएफ की डी-47 कंपनी और लुटुआ थाना पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की. एरिया डोमिनेशन अभियान के क्रम में डुमरी नाला के जंगली क्षेत्र से एक टिफिन आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किया गया. समय रहते विस्फोटक मिलने से सुरक्षा बलों ने एक संभावित बड़ी घटना को टाल दिया.
एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान मिली सफलता
सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नियमित एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान डुमरी नाला के जंगल में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तलाशी ली गई, जहां से टिफिन आईईडी बरामद हुआ. इसके बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया. बरामद विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है.
सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की थी आशंका
इमामगंज के डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि टिफिन आईईडी को नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से जंगल में छिपाकर रखा था. सुरक्षा बलों की सतर्कता के कारण इसे समय रहते बरामद कर लिया गया, जिससे किसी संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया गया.
पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
डीएसपी ने बताया कि बरामदगी के बाद आसपास के पूरे क्षेत्र में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियां अन्य संभावित विस्फोटक सामग्री और नक्सली गतिविधियों की तलाश में गहन जांच कर रही हैं. उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बल लगातार एरिया डोमिनेशन अभियान चला रहे हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें. इससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सकता है.
Also Read : बोधगया फोरलेन हादसे में बड़ा खुलासा, ट्रक की रॉन्ग साइड एंट्री बनी चार युवकों की मौत की वजह
