गया जी से मनोज मिश्रा की रिपोर्ट
Gaya Ji News : डुमरिया प्रखंड के मैगरा बस स्टैंड में नाली के पानी का जमाव स्थानीय लोगों, दुकानदारों और यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है. गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई. नाली का गंदा पानी बस स्टैंड परिसर में फैल जाने से लोगों को उसी पानी से होकर बसों में चढ़ना-उतरना पड़ रहा है. जलजमाव के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
अधूरी जलनिकासी व्यवस्था बनी मुसीबत
स्थानीय दुकानदार ओम प्रकाश, अवधेश प्रजापति, मो. मोस्ताक मियां, मो. शब्बीर समेत अन्य लोगों ने बताया कि स्टेट हाईवे-69 के निर्माण के दौरान सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण कराया गया था, लेकिन नालियों के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई. इसके कारण नाली का पानी बस स्टैंड में जमा होकर लोगों के लिए मुसीबत बन गया है. दुकानदारों का कहना है कि डुमरिया और मैगरा क्षेत्र में नगर निकाय की व्यवस्था नहीं होने से ऐसी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता.
जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की मांग
उनका आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने तथा बस स्टैंड परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि यात्रियों और दुकानदारों को इस समस्या से राहत मिल सके.
Also Read : डुमरिया के छकरबंधा गांव में जर्जर बिजली व्यवस्था ने ली एक और जान, 40 वर्षीय संतोष पासवान की मौत
