मानपुर से उदय शंकर की रिपोर्ट
Gaya Ji News : पटना जिले के गोपालपुर थाने की पुलिस ने रविवार को स्कॉर्पियो मालिक को अगवा करने के मामले में मानपुर इलाके से दो लोगों को दबोच लिया है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ पटना लेकर चली गई है. गिरफ्तार आरोपितों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कइया गांव का रहने वाला सुधीर कुमार व शिकहर गांव निवासी सोनू कुमार शामिल हैं. इन दोनों को स्थानीय पुलिस के सहयोग से सघन छापेमारी कर दबोचा गया है.
लोकेशन बदल भाग रहे थे बदमाश, रात भर बदलता रहा ठिकाना
छापेमारी अभियान का नेतृत्व कर रहे पटना के गोपालपुर थाना के एसआई अमित कुमार व एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि गोपालपुर थाना कांड संख्या 281/26 मामले में इन दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है. पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान बदमाश पुलिस को चकमा देने के लिए कभी झारखंड के कोडरमा तो कभी अन्य जगहों पर भागते रहे. पुलिस लगातार पिछले दो दिनों से तकनीकी अनुसंधान और सर्विलांस के आधार पर इनका पीछा कर रही थी. शातिर बदमाश गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे.
भाड़े की स्कॉर्पियो हड़पकर गलत काम में कर रहे थे इस्तेमाल
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बदमाशों ने गया शहर के बेलागंज के रहने वाले पप्पू कुमार दास की स्कॉर्पियो गाड़ी भाड़े पर चलाने के लिए ली थी. वाहन लेने के बाद बदमाश न तो मालिक को किराया दे रहे थे और न ही उसका वाहन वापस कर रहे थे. आरोप है कि उस भाड़े के वाहन से बदमाश किसी गलत काम को अंजाम दे रहे थे. जब मालिक ने विरोध किया तो उसका अपहरण कर लिया गया. इस मामले में पटना से भी दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है और उन्हीं की निशानदेही पर मानपुर से इन दोनों को उठाया गया है.
बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़े हो सकते हैं तार, जांच जारी
इधर स्थानीय थाना में जब पटना से आए पुलिस अधिकारियों से मीडिया ने पूछताछ करना शुरू किया, तो वे बहुत अधिक जानकारी देने से बचते दिखे. इस बड़ी कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा है कि गिरफ्तार किए गए लोगों के तार किसी बड़े अंतर्जिला आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं. फिलहाल पटना पुलिस दोनों आरोपितों को अपने साथ पटना ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ और मामले की सघन जांच की जा रही है.
