Gaya Ji News : खिजरसराय के एक निजी क्लीनिक में डीएनसी (डाइलेशन एंड क्यूरेटेज) की प्रक्रिया के दौरान एक महिला की मौत हो जाने से शनिवार की सुबह हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गयी. मृतका की पहचान नौबतपुर गांव निवासी रणधीर कुमार की 24 वर्षीय पत्नी रंजू कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद सुबह करीब चार बजे से ही मृतका के परिजनों ने क्लीनिक परिसर में हंगामा शुरू कर दिया.
DNC केस में बढ़ा विवाद, चिकित्सक व परिजनों में हुई तीखी नोकझोंक
महिला चिकित्सा के आने के बाद दोनों ओर से नोक झोंक भी हुई. सूचना मिलते ही खिजरसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. काफी देर तक चले विवाद के बाद महिला चिकित्सक और मृतका के परिजनों के बीच आपसी सहमति से सुलहनामा तथा मुआवजे पर सहमति बनने के बाद मामला शांत हुआ.
मां की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जाता है कि रंजू कुमारी के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं. मां की असमय मौत के बाद दोनों बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गयी है. पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की गई. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में किसी प्रकार की औपचारिक प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी.
Also Read : वजीरगंज में विदाई कराने निकले युवक की हत्या, पुनावा पहाड़ी के पास मिला शव
