गया जी के 7 प्रखंडों में 15 जुलाई से शुरू होंगे डिग्री कॉलेज, छात्रों को मिलेगी वाई-फाई समेत आधुनिक सुविधाएं

Gaya Ji News : गया जी जिले के 7 डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में 15 जुलाई से डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू होगा. छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ वाई-फाई, कंप्यूटर जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.

Gaya Ji News : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत गया जी जिले के डिग्री कॉलेज रहित सात प्रखंडों अतरी, नीमचक बथानी, कोच, मोहड़ा, बांकेबाजार, डुमरिया और मोहनपुर में 15 जुलाई से डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू होगा. इसे लेकर सोमवार को डीएम शशांक शुभंकर ने सभी संबंधित अधिकारियों, नवनियुक्त प्राचार्यों तथा तकनीकी विभागों के अभियंताओं के साथ व्यापक समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया.

उन्नत शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य

डीएम ने पदाधिकारियों को सरकार के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए आपसी समन्वय से विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत चौथे निश्चय ''उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य'' कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के 211 डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में उच्च शिक्षा की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें गया जिले के सात प्रखंड भी शामिल हैं.

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

कॉलेजों में मिलेगी वाई-फाई की सुविधा

डीएम ने बताया कि फिलहाल कॉलेजों का संचालन अस्थायी रूप से चयनित भवनों में होगा. इन भवनों में बिजली, पेयजल, शौचालय, बेंच-डेस्क, पंखे, कूलर, फर्नीचर, कंप्यूटर, वाई-फाई, आरओ, स्टेशनरी, साफ-सफाई और सुरक्षा जैसी सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में प्रत्येक कॉलेज के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है, जबकि अनुमंडल पदाधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से इन सभी भवनों का सघन निरीक्षण भी कराया गया है.

24 घंटे में कार्य पूरा करने का निर्देश

बैठक में डीएम ने सभी संबंधित विभागों को कड़ा निर्देश दिया कि अगले 24 घंटे के भीतर शेष बचे सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं. उन्होंने कॉलेज परिसरों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी सुगम बनाने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की सख्त हिदायत दी.

डीएम ने कहा कि इन कॉलेजों के स्थायी भवनों के निर्माण की प्रक्रिया भी जिला प्रशासन द्वारा समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है.

Also Read : गया जी : UPSC पास कर शुरू किया था सफर, अब डिप्टी कमांडेंट बने अमित कुमार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Haribansh kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >