गया जी में सिपाही से साइबर ठगी, डॉक्टर के यहां नंबर लगाने के नाम पर खाते से उड़ाए 1.89 लाख रुपये

Gaya Ji News: गयाजी जिले के बोधगया स्थित बीएमपी-3 में ट्रेनिंग ले रहे प्रशिक्षु सिपाही रोशन कुमार साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं. बिहारशरीफ के एक डॉक्टर के क्लिनिक में नंबर लगाने के लिए गूगल से मिले नंबर पर संपर्क करने के बाद साइबर अपराधियों ने झांसा देकर उनके बैंक खाते से छह बार में कुल 1,89,742 रुपये उड़ा लिए. पुलिस के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है.

Gaya Ji News (रोशन कुमार की रिपोर्ट): साइबर गिरोह से जुड़े अपराधियों ने बिहारशरीफ के ईएंडटी चिकित्सक डॉ रीतेश कुमार से इलाज कराने को लेकर उनके क्लिनिक में नंबर लगाने के नाम पर बोधगया स्थित बीएमपी तीन के प्रशिक्षु सिपाही रोशन कुमार को अपने झांसे में ले लिया. अपराधियों ने जाल बिछाकर सिपाही के बैंक खाते से एक लाख 89 हजार 742 रुपये उड़ा लिए. प्रशिक्षु सिपाही के साथ हुए इस साइबर फ्रॉड के मामले को पुलिस के वरीय अधिकारियों ने काफी गंभीरता से लिया है और इसके बाद साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

10 रुपये के ऑनलाइन पेमेंट के बहाने भेजा एपीके ऐप

जानकारी के अनुसार, अरवल जिले के शहर तेलपा थाने के शहर तेलपा गांव के रहनेवाले रोशन कुमार प्रशिक्षु सिपाही के रूप में बोधगया स्थित बीएमपी तीन में प्रशिक्षण ले रहे हैं. वह अपने इलाज को लेकर बिहारशरीफ के ईएंडटी चिकित्सक डॉ रीतेश कुमार के क्लिनिक में नंबर लगाने के लिए फोन नंबर की तलाश कर रहे थे. इसके लिए उन्होंने गूगल पर सर्च किया और वहां से मिले एक मोबाइल नंबर पर कॉल किया. कॉल रिसीव करने वाले अपराधी ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही और इसके लिए मात्र 10 रुपये का ऑनलाइन पेमेंट मांगा.

पेमेंट नहीं होने पर ऑफलाइन इलाज की कही बात, पर कट गए पैसे

अपराधी ने सिपाही के व्हाट्सएप पर ‘एपीके’ (APK) नाम का एक ऐप फाइल भेजा और इस ऐप को डाउनलोड करके ही ऑनलाइन पेमेंट भेजने की बात कही. सिपाही ने उसके बताए अनुसार ऐप डाउनलोड कर ऑनलाइन पेमेंट करने का प्रयास किया, लेकिन पेमेंट सफल नहीं हुआ. इसके बाद प्रशिक्षु सिपाही ने फोन करने वाले से कहा कि वह डॉ रीतेश कुमार के पास ऑफलाइन ही जाकर अपना इलाज करवा लेगा. लेकिन तब तक उसका फोन हैक हो चुका था और इसके बाद उसके बैंक खाते से बारी-बारी करके छह बार में कुल 1,89,742 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई.

पीड़ित सिपाही के बयान पर साइबर थाने में मामला दर्ज

खाते से अचानक इतनी बड़ी रकम गायब होने के बाद प्रशिक्षु सिपाही के होश उड़ गए. उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी. इधर, पीड़ित प्रशिक्षु सिपाही रोशन कुमार के बयान पर गया के साइबर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए मामले की तकनीकी व वैज्ञानिक तरीके से छानबीन शुरू कर दी है.

Also Read: ‘अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाने को सरकार संकल्पित’, गयाजी में बोले कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikas Jha

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >