Gaya Ji News (बोधगया से कलेंद्र प्रताप की रिपोर्ट):
गयाजी एयरपोर्ट पर अब हवाई यात्रियों की सुविधाओं में व्यापक बढ़ोतरी करते हुए अत्याधुनिक कैनोपी का निर्माण कार्य आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया गया है. सब कुछ ठीक रहा तो आगामी सितंबर महीने तक यह कैनोपी पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी. सोमवार को निर्माण कार्य को गति देने के लिए एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश कुमार ने कार्यस्थल पर भूमि पूजन कर विधिवत रूप से इस नए प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया.
राजस्थान की कंपनी को मिला टेंडर, 3 महीने में पूरा करना होगा काम
एयरपोर्ट प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी राजस्थान की एक विशेषज्ञ निर्माण कंपनी को सौंपी गई है. बताया गया कि इस भव्य कैनोपी के निर्माण में कुल दो करोड़ 33 लाख रुपये की राशि खर्च होगी. कांट्रैक्ट के नियमों के मुताबिक, निर्माण एजेंसी को आगामी तीन महीने के भीतर इस पूरे ढांचे को बनाकर एयरपोर्ट अथॉरिटी को सौंप देना है.
अब बरसात में भीगने की टेंशन खत्म, गाड़ियों से सीधे टर्मिनल में जाएंगे यात्री
गयाजी एयरपोर्ट के डायरेक्टर अवधेश कुमार ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कैनोपी यानी पोर्टिको के निर्माण हो जाने के बाद सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को मानसून के सीजन में मिलेगा. अब भारी बरसात में भी यात्रियों को अपनी गाड़ियों से उतरने के बाद पानी में भीगना नहीं पड़ेगा. वे बिना किसी परेशानी के बेहद सुगमता के साथ सीधे एयरपोर्ट टर्मिनस के प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) तक पहुंच सकेंगे.
वैश्विक पटल पर चमकेगा गयाजी एयरपोर्ट, आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
डायरेक्टर अवधेश कुमार ने आगे कहा कि गयाजी केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश का एक प्रमुख धार्मिक और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र है. यहाँ देश-विदेश से हर साल लाखों बौद्ध भिक्षु और सैलानी हवाई मार्ग से पहुंचते हैं. ऐसे में एयरपोर्ट के मुख्य द्वार पर इस उड्डयन संरचना का निर्माण होना इसके आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है. यह नया इंफ्रास्ट्रक्चर न सिर्फ यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाएगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगा.
Also Read: इंजीनियरों के गांव’ से निकले नए सितारे, विपरीत हालातों में 10 छात्रों ने जीती IIT की जंग
