गया जी जिले में विभिन्न सर्जरी वाली समस्याओं के निदान के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर उपचार व सर्जरी की व्यवस्था की गयी है. जेपीएन सदर अस्पताल सहित प्रभावती अस्पताल, शेरघाटी व टिकारी अनुमंडलीय अस्पताल व कई सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्जरी की व्यवस्था है. प्रतिदिन होने वाली सर्जरी की निगरानी सिविल सर्जन डॉ. राजाराम प्रसाद व स्वास्थ्य डीपीएम नीलेश कुमार कर रहे हैं.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न सरकारी अस्पतालों में बीते एक सप्ताह में सी-सेक्शन, बंध्याकरण सहित हार्निया, विकार वाले अंग को हटाने, सिस्ट जैसे कई प्रकार की सर्जरी की गयी है. बीते चार दिनों में 60 से अधिक सर्जरी किये गये हैं.
जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत 23 बंध्याकरण किए गए हैं. इनमें सबसे अधिक बंध्याकरण खिजरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया गया है, जबकि इसके बाद बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्थान है.
विभिन्न अस्पतालों में किए गए प्रमुख ऑपरेशन
विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 27 सिजेरियन सेक्शन (C-Section) किए गए हैं. इसके अलावा जेपीएन सदर अस्पताल में एक हार्निया का भी सफल ऑपरेशन किया गया है. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का प्रयास है कि ग्रामीण स्तर के अस्पतालों में भी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें.
Also Read : गया जी : बेटियां देश का भविष्य हैं’, CUSB के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में छात्राओं से बोले कुलपति
सर्जरी की संख्या बढ़ाने पर जोर
डीपीएम ने बताया कि सर्जरी की संख्या को लगातार बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर होने वाली सर्जरी की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को आसानी से सर्जरी संबंधी सुविधाएं मिल सकें और उन्हें निजी अस्पतालों के चक्कर न काटने पड़ें.
